लखीमपुर हिंसा: लखीमपुर से लौटकर प्रियंका गांधी ने कहा, अंजाम तक लड़ेंगे

by MLP DESK
0 comment

गुरुवार को लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए किसानों व पत्रकार के परिजनों से मिलने के बाद प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा वे तब तक लड़ेंगी जबतक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता।

 

Priyanka Gandhi/twitter

 

बता दें कि बीते दिन बुधवार को पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीते दिन लखीमपुर हिंसा में जान गँवाने वाले किसानों के परिवार से भेंट की थी।

बीते रविवार को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के कार्यक्रम के दौरान यूपी के लखीमपुर ज़िले में 4 किसानों समेत 8 लोग मारे गए थे। किसानों का आरोप है कि मंत्री के बेटे ने किसानों को अपनी एसयूवीएस गाड़ी से रौंद डाला था।

प्रियंका गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “इस देश में लोगों को न्याय का अधिकार है और इन लोगों को न्याय नहीं मिला है। जब तक केंद्रीय गृह राज्य मंत्री पद पर रहेंगे, न्याय कैसे मिलेगा क्योंकि उनके पुत्र मुख्य आरोपी हैं। जब तक वो बर्खास्त नहीं होंगे तो कौन निष्पक्ष जांच करेगा।”

उन्होंने आगे कहा, “हम तीनों परिवारों से मिले कल, तीनों ने एक ही बात कही। हमें मुआवज़े से कोई मतलब नहीं है। हमें तो न्याय चाहिए।”

इस बीच केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा है कि सरकार जांच कर रही है और किसानों को न्याय मिलेगा।

किशोर ने एएनआई को बताया, “राहुल गांधी को मालूम नहीं कि क्या बोल रहे हैं क्या नहीं। जब वे लोग इससे सहमत हैं तो उनको ऐसी बात करने का क्या औचित्य है कि वे कह रहे हैं कि न्याय चाहिए। उन लोगों को न्याय मिलेगा, सरकार जांच कर रही है, दोषियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई होगी।”

About Post Author