उत्तर प्रदेश में शपथग्रहण के तीन दिन बाद योगी मंत्रीमंडल में विभागों का बंटवारा हो गया है। सभी कैबिनेट मंत्रियों को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उनका कार्यभार सौंप दिया है। अब यह तय हो गया है की कौन सदस्य किस विभाग का कामकाज संभालेंगे।

Yogi Adityanath/ANI
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गृह, आवास एवं शहरी नियोजन, राज्य संपत्ति विभाग समेत 25 विभागों की जिम्मेदारी मिली है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को ग्राम विकास विभाग के साथ ग्रामीण अभियंत्रण, मनोरंजन कर समेत कुल छह विभागों की जिम्मेदारी दी गई है। इसी प्रकार उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को चिकित्सा शिक्षा और चिकित्सा स्वास्थ्य समेत कुल तीन विभाग सौंपे गए हैं। कैबिनेट मंत्री एके शर्मा को नगर विकास विभाग, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को ग्राम विकास विभाग और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य महिला कल्याण और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगी।
कैबिनेट मंत्री बने अरविंद कुमार शर्मा को नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा और अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग आवंटित किया गया है। जितिन प्रसाद को लोक निर्माण विभाग सौंपा गया है।
अपना दल के नेता आशीष पटेल को प्राविधिक शिक्षा और उपभोक्ता संरक्षण एवं बॉट माप विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद को मत्स्य विभाग दिया गया है। योगेंद्र उपाध्याय को उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही को कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग दिया गया है। जयवीर सिंह पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। भूपेंद्र सिंह चौधरी को पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। राकेश सचान को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा और वस्त्रोद्योग विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
आपको बता दें की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रिपरिषद के साथ 25 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राजधानी के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में योगी सरकार-2.0 का ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह हुआ। मुख्यमंत्री, दो उपमुख्यमंत्री सहित 19 कैबिनेट मंत्री, 14 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 20 राज्यमंत्री इस मंत्रिमंडल में शामिल किए गए हैं। अब सोमवार को योगी कैबिनेट के मंत्रियों के विभागों का बंटवारा भी हो गया।