हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में पकड़ी गई हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को कोर्ट में कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने ज्योति की चार दिन की रिमांड बढ़ा दी है। हिसार पुलिस ज्योति को गुरुवार सुबह साढ़े 9 बजे कोर्ट लाई थी। करीब डेढ़ घंटे तक उसकी रिमांड पर बहस चली। इससे पहले ज्योति को 5 दिन की रिमांड पर भेजा गया था। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने उससे कई घंटों तक पूछताछ की थी।
पेशी के वक्त ज्योति के पिता को उससे मिलने नहीं दिया गया। बता दें कि पुलिस ने ज्योति को 16 मई को अरेस्ट किया था। सुरक्षा एजेंसियां ज्योति को लेकर पठानकोट गई थी क्योंकि एजेंसियों को उसकी पठानकोट विजिट और वहां से सेना के कैंप की जानकारी साझा किए जाने का शक था। पेशी के दौरान पुलिस ने कोर्ट को बताया कि 5 दिन की रिमांड के दौरान ज्योति ने पुलिस को पूछताछ में क्या बताया? जानकारी के अनुसार पुलिस ने ज्योति को कोर्ट में भारी सुरक्षा के बीच पेश किया था।
इधर जांच एजेंसी इस एंगल से भी पड़ताल कर रही है कि ज्योति ने सिर्फ ट्रैवलिंग के इरादे से वीडियो बनाए थे या फिर उसमें पाकिस्तानी एजेंट्स के लिए कोई कोड छिपा था। जांच एजेंसियां उसके बैंक अकाउंटस की भी जांच कर रही हैं। वहीं हिसार पुलिस ने ज्योति को लेकर की गई पूछताछ में अब तक कई बड़े दावे किए हैं।

