Haryana Cabinet Expansion: आज होगा हरियाणा में कैबिनेट का विस्तार, शाम साढ़े चार बजे शपथ लेंगे नए मंत्री

by Priya Pandey
0 comment

हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार आज होगा। आज शाम साढ़े चार बजे नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह रखा गया। हरियाणा राजभवन की तरफ से जारी निमंत्रण पत्र में बताया गया है कि शाम साढ़े चार बजे मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह शुरू होगा। नायब सैनी को हरियाणा की सीएम बनाए जाने के बाद उनकी कैबिनेटका विस्तार होने जा रहा है। सूत्रों की मानें तो 8 मंत्री शपथ ले सकते हैं। अनिल विज का नाम इस सूची में शामिल नहीं है।

सूत्रों का दावा है कि सैनी सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार पहले लोकसभा चुनाव के बाद होना था, लेकिन बाद में तय हुआ कि कैबिनेट में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन बैठाने के बाद ही भाजपा लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरे। अभी मंत्रिमंडल में सीएम ओबीसी, दो जाट, एक-एक एससी, गुर्जर और ब्राह्मण समाज से मंत्री हैं।

पंजाबी, राजपूत, वैश्य और यादव समाज से कोई मंत्री नहीं है। इसलिए भाजपा हाईकमान ने चुनाव से पहले ही मंत्रिमंडल विस्तार को हरी झंडी दे दी। शनिवार को भी मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारियां हो गई थीं। मंत्रियों के लिए पांच गाड़ियां राजभवन के बाहर पहुंच गई थीं, लेकिन कुछ देर बाद आनन-फानन कार्यक्रम बदल दिया गया।

इसके दो कारण थे। पहला पूर्व गृह मंत्री अनिल विज की नाराजगी। दूसरा जजपा के पांच बागी विधायकों के साथ दो और विधायकों का न आना। जजपा के सात विधायकों को अपने पाले में लाकर भाजपा दल-बदल कराना चाहती है।

वहीं मंत्रिमंडल विस्तार से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहली बार अंबाला पहुंचे। इस दौरान पूर्व गृहमंत्री अनिल विज नहीं दिखे। इसके बाद सीएम का काफिला करनाल के लिए रवाना हो गया। जहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आ रहे हैं।

About Post Author